प्रभु यीशू के बलिदान देता है प्रेम और क्षमा का संदेश

प्रभु यीशू

माना जाता है कि आज के दिन ईसा मसीह को दोपहर बाद करीब 3 बजे ही क्रॉस नुमा खंभे पर लटकाया गया था। गुड फ्राइडे मनाने की परंपरा 100 ईसा से है। इस दिन गिरजाघरों में पादरी और अन्य अनुयाई लोगों को प्रभु ईसा मसीह की तरह ही इंसान से प्रेम करने व उनके अपराधों को क्षमा करने का संदेश देते हैं।

प्रभु यीशू का बलिदान दिवस 'गुड फ्राइडे' का पावन पर्व इस बार 30 मार्च को है। यह ईसाई समुदाय का प्रमुख त्यौहार है। कहा जाता है कि आज के दिन ही प्रभु ईसा मसीह ने अपने भक्तों के लिए बलिदान देकर निःस्वार्थ प्रेम का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया था। प्रभु ईसा मसीह ने सूली पर चढ़कर प्रेम और क्षमा का संदेश दिया था।

आज के ही दिन ईसा मसीह ने विरोध और यातनाएं सहते हुए अपने प्राण त्याग थे। उनके इसी बलिदान को याद करने और उनके वचनों के माध्यम से इंसानियत की राह दिखाने वाले ज्ञान को लोगों तक पहुंचाने का दिन है गुड फ्राइडे। इस दिन को पवित्र फ्राइडे, ग्रेट फ्राइडे, ब्लैक फ्राइडे या ईस्टर फ्राइडे भी कहते हैं।

इस दिन दुनिया के अधिकांश देशों में सरकारी अवकाश घोषित है। ईसाई लोग आज के दिन प्रभु ईसा की याद में व्रत रखते हैं और गिरजाघरों में जाकर प्रार्थनाएं करते हैं। खासकर लोग गिरजा घरों में दोपहर बाद इकट्ठा होते हैं और करीब 3 बजे भावभीनी प्रार्थना करते हैं। गुड फ्राइडे वाले सप्ताह को ईसाई एक पवित्र सप्ताह मानते हैं और गुड फ्राइडे के मौके पर चर्चों में प्रार्थना के अलावा किसी प्रकार का उत्साह या सेलेब्रेशन नहीं किया जाता। बहुत से लोग इस दौरान दुख भी मनाते हैं।

 

Vote: 
No votes yet